रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सर्जरी एवं ईएनटी (नाक, कान एवं गला) विभाग को पुरानी बिल्डिंग से नई 200 बेड क्षमता वाली अत्याधुनिक इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया है। विभागों के नए भवन में शिफ्ट होने के बाद मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं मिलने लगी हैं।
नई इमारत में पर्चा काउंटर और दवा वितरण काउंटर पर डिजिटल वीडियो डिस्प्ले की व्यवस्था की गई है, जिससे मरीजों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो रही है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन को देखकर मरीज और उनके परिजन भी आश्चर्यचकित नजर आ रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में अन्य विभागों को भी चरणबद्ध तरीके से नई इमारत में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे अस्पताल की व्यवस्थाएं और अधिक सुचारू होंगी तथा मरीजों को एक ही परिसर में बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

गौरतलब है कि पुरानी इमारत में गर्मी के मौसम के दौरान मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सीमित स्थान और पर्याप्त सुविधाओं के अभाव के कारण इलाज प्रभावित होता था। वहीं नई 200 बेड इमारत में बेहतर वेंटिलेशन, आधुनिक व्यवस्थाएं और मरीजों की सुविधा के अनुरूप तैयार किए गए वार्ड स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे।नई इमारत के संचालन से न केवल मरीजों को राहत मिलेगी, बल्कि मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है।

