रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर क्षेत्रक मुख्यालय पीलीभीत एवं 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों और अधिकारियों ने रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में डिप्टी कमांडेंट दुर्गा प्रसाद सहित कुल 12 जवानों एवं अधिकारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ डिप्टी कमांडेंट दुर्गा प्रसाद और प्रभारी सीएमओ द्वारा फीता काटकर किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है।
शिविर में एसएसबी में तैनात असम निवासी जवान रिजु दास विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने इस अवसर पर 38वीं बार रक्तदान किया। उनके इस सराहनीय योगदान की सभी ने प्रशंसा की और उन्हें अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
रक्तदान करने वालों में विनोद कुमार, रिजु दास, दिनेश चंद्र, धर्मेंद्र कुमार, अमित कुमार, सत्येंद्र पाल समेत कुल 12 जवान और अधिकारी शामिल रहे। सभी ने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।
विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित इस शिविर ने यह संदेश दिया कि रक्तदान न केवल किसी की जान बचा सकता है, बल्कि समाज में सेवा और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है।

