विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान का उत्साह चरम पर, पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के रक्त कोष केंद्र में उमड़े महादानी

Share Also

रिंटू वर्मा (एडिटर )…

पीलीभीत। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के रक्त कोष केंद्र में रक्तदान के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में समाजसेवी, युवा और विभिन्न विभागों के कर्मचारी रक्तदान करने के लिए केंद्र पहुंचे और जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा के लिए महादान में सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग के लिपिक रोचक वर्मा ने लगातार 15वीं बार रक्तदान कर मानव सेवा की अनुकरणीय मिसाल पेश की। वहीं विभाग के ही लिपिक ओमप्रकाश ने 14वीं बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। दोनों रक्तदाताओं के इस समर्पण की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
रक्तदान अभियान में विभाग के लिपिक सुमित कुमार ने भी पहली बार रक्तदान किया। रक्तदान के बाद उन्होंने कहा कि यह अनुभव बेहद संतोषजनक रहा और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी महसूस नहीं हुई। उन्होंने भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।
रक्तदाता दिवस पर आयोजित इस अभियान में रक्तदाताओं ने लोगों से अपील की कि रक्तदान से किसी का जीवन बचाया जा सकता है, इसलिए स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वालों को प्रोत्साहित किया गया तथा उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की गई।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *