गर्मी के आगे नौनिहाल बेहाल… तीन प्राथमिक स्कूलों में बच्चों के बेहोश होने से मचा हड़कंप,

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत जिले में पड़ रही भीषण गर्मी का असर अब स्कूली बच्चों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। मरौरी ब्लॉक के कई प्राथमिक विद्यालयों में गर्मी के कारण बच्चे बेहोश हो गए, जिससे स्कूलों में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग हरकत में आ गया और स्कूलों के समय में बदलाव का फैसला लिया गया है। मरौरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय चिड़ियादाह, गौहर और खरौसा में पढ़ने वाले कुछ बच्चे तेज गर्मी और उमस के चलते अचानक बेहोश हो गए। बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर शिक्षकों ने तत्काल उन्हें संभाला और मामले की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी।

घटनाओं के बाद अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने बताया कि विद्यालय समय परिवर्तन के आदेश जारी किए जा रहे हैं। नए आदेश के तहत अब छात्र-छात्राएं सुबह 7:30 बजे विद्यालय पहुंचेंगे और 11:00 बजे उनकी छुट्टी कर दी जाएगी। हालांकि शिक्षकों के आने-जाने के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

बीएसए ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है, ताकि उन्हें लू और गर्मी से होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके। शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखने और आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए हैं।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *