रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ‘जग्गा’ ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनपद भ्रमण से पहले सोमवार तड़के पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया। उनका कहना है कि सुबह करीब चार बजे पुलिसकर्मी उनके घर पहुंच गए और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया गया।
सपा जिलाध्यक्ष ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने से रोकने के उद्देश्य से उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में इस प्रकार की कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
जगदेव सिंह ‘जग्गा’ ने कहा कि जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और अधिकारों की लड़ाई पहले भी जारी थी और आगे भी जारी रहेगी। अन्याय और दमन के खिलाफ उनकी आवाज लगातार उठती रहेगी।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनता के हितों के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।

