मुख्यमंत्री के संबोधन में छाया पीलीभीत मेडिकल कॉलेज डॉक्यूमेंट्री में दिखीं उपलब्धियां, मंच से योगी और जितिन प्रसाद ने की प्रशंसा

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के के पीलीभीत जनपद के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान जनपद के विकास कार्यों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म में पीलीभीत के समग्र विकास के साथ-साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मरीजों को मिल रही आधुनिक सुविधाओं को प्रमुखता से दर्शाया गया।

डॉक्यूमेंट्री में मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं, आधुनिक उपकरणों तथा आमजन को मिल रहे बेहतर उपचार को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद हजारों लोगों ने फिल्म के माध्यम से जनपद में स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों को देखा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में पीलीभीत मेडिकल कॉलेज का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गरीब तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन आज मेडिकल कॉलेजों और आधुनिक अस्पतालों के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं जनपद स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीलीभीत मेडिकल कॉलेज क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है और यहां लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री एवं सांसद प्रतिनिधि मंडल के वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद ने भी अपने संबोधन में पीलीभीत मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई पहचान मिली है। अब लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से मरीजों को बड़ी राहत मिली है।

कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों का उल्लेख होने पर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों ने भी मेडिकल कॉलेज को जनपद के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल बताते हुए भविष्य में और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

 

 


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *