टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक विस्तारित सवारी ट्रेन का कल होगा शुभारंभ

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। उत्तर भारत के रेल यात्रियों, विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र के लोगों और सिख श्रद्धालुओं के लिए सोमवार को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। रेलवे मंत्रालय की ओर से टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी का मार्ग बढ़ाकर शाहजहांपुर तक किए जाने की शुरुआत भी होगी। दोनों नई सेवाओं का शुभारंभ 6 जुलाई को आयोजित समारोहों में किया जाएगा।

रेल मंत्रालय के कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन विशेष ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

टनकपुर में एक्सप्रेस, पीलीभीत में मार्ग विस्तार का कार्यक्रम

टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा टनकपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस के उद्घाटन विशेष रैक को हरी झंडी दिखाएंगे।

वहीं, पीलीभीत जंक्शन पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, सांसद मिथिलेश कुमार, सांसद अरूण कुमार सागर तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता मौजूद रहेंगे।

लंबे समय से थी सीधी रेल सेवा की मांग

रेलवे के अनुसार उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के लोगों तथा सिख समुदाय के श्रद्धालुओं की तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ तक सीधी रेल सेवा की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए रेल मंत्रालय ने टनकपुर-हजूर साहिब नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है। साथ ही 55322/55323 टनकपुर-पीलीभीत सवारी गाड़ी का संचालन शाहजहांपुर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

यात्रियों के साथ क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा लाभ

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई रेल सेवाओं से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा कृषि एवं अन्य स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

वरिष्ठ रेल अधिकारी भी रहेंगे मौजूद

टनकपुर में आयोजित समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *