पीलीभीत मे राष्ट्रीय स्तर पर 25वीं रैंक पाने वाले प्रधानाध्यापक मुनीष भारद्वाज का डीएम ने किया सम्मान

Share Also

 

पीलीभीत। स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार में राष्ट्रीय स्तर पर 25वीं रैंक हासिल कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले पूरनपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय चोखा पुरी के प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार भारद्वाज को मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह की उपस्थिति में उन्हें स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

प्राथमिक विद्यालय चोखा पुरी ने स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार की जिला स्तरीय प्रतिस्पर्धा में जनपद का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय बनने का गौरव प्राप्त किया था। इसके बाद राज्य स्तर पर निर्धारित सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय ने अपनी अलग पहचान बनाई। इस उपलब्धि के लिए वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विद्यालय को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया था।

मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार भारद्वाज को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा कि यदि सीमित संसाधनों में चोखा पुरी विद्यालय उत्कृष्ट कार्य कर सकता है, तो अन्य विद्यालय भी इसी प्रकार नवाचार और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि स्वच्छ हरित विद्यालय पुरस्कार में प्राथमिक विद्यालय चोखा पुरी ने राष्ट्रीय स्तर पर 25वीं रैंक प्राप्त कर पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि तराई के जंगल से सटे एक छोटे से गांव का यह विद्यालय संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्वच्छता, हरित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक गतिविधियों का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानाध्यापक के समर्पण, नवाचार और व्यक्तिगत प्रयासों को दिया।

उन्होंने सभी विद्यालयों से चोखा पुरी मॉडल से प्रेरणा लेकर स्वच्छ परिसर, हरित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में प्रभावी कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *