स्वतंत्रता दिवस पर मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम-एसपी… मरीजों का जाना हाल,बांटे फल व खाद्य सामग्री,

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकृति माधव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने इमरजेंसी में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और मरीजों को फल सहित अन्य खाद्य सामग्री वितरित की। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमित कुमार भी मौजूद रहे।

प्राचार्य डॉ. अमित कुमार ने डीएम और एसपी को इमरजेंसी में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके।

इमरजेंसी की ओर जाते समय डीएम और एसपी की नजर सामने स्थित पार्क में रो रही एक महिला पर पड़ी। दोनों अधिकारियों ने तत्काल महिला के पास पहुंचकर उसकी समस्या जानी और आवश्यक मदद का भरोसा दिया। वहीं इमरजेंसी में एक युवक ने अपने परिजन के ऑपरेशन में देरी की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। प्राचार्य डॉ. अमित कुमार ने युवक की बात सुनकर मामले की जानकारी ली और करीब पांच घंटे में ऑपरेशन हो जाने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान डीएम और एसपी ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों और तीमारदारों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज प्रशासन भी मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सक्रिय नजर आया।

मेडिकल कॉलेज की सुविधाओं की मंत्री ने भी की सराहना

उधर, गांधी स्टेडियम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने पीलीभीत मेडिकल कॉलेज की उपलब्धियों और बढ़ती स्वास्थ्य सुविधाओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के समय सीमित संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते थे, लेकिन मेडिकल कॉलेज बनने के बाद अब बड़ी संख्या में मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के रूप में जिले को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। यहां दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले हजारों मरीजों को उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। मेडिकल कॉलेज में लगातार बढ़ती सुविधाओं से आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *