रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। बीसलपुर क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर में लीकेज के दौरान आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए। हादसे में घर में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, बीसलपुर क्षेत्र के गांव गोवलपतिपुरा में सिलेंडर लीकेज के दौरान अचानक आग लग गई। इसकी चपेट में आकर विपिन वर्मा, शीतल वर्मा और सुधा देवी झुलस गए। घटना के बाद तीनों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया।
बताया गया कि विपिन वर्मा 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं, जबकि सुधा देवी भी 40 प्रतिशत से अधिक झुलसी हैं। तीनों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक ने गंभीर रूप से झुलसे मरीजों के परिजनों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी है।
हादसे में घर का सामान भी आग की चपेट में आने से जल गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

