रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। न्यूरिया क्षेत्र में बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। बाइक और लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्राली का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसे में दोनों के शरीर बुरी तरह कुचल गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान क्षेत्र के गांव सजनिया निवासी भानु प्रताप सिंह (25) और तनुसूक राम (45) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों खटीमा में मजदूरी करते थे और बुधवार रात बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही लकड़ी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों संभल नहीं सके और सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्राली का पहिया उनके ऊपर से निकल गया, जिससे दोनों की जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्राली छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

