रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद में शुक्रवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा -2026 का शुभारंभ हो गया। परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।
जनपद में 30 अक्टूबर को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। परीक्षा को लेकर केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
पीलीभीत में परीक्षा के लिए कुल 11 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। दोनों पाली मे 9600 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।इनमें बेहनर पब्लिक स्कूल, ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल, पीएम श्री इमलिया राजकीय इंटर कॉलेज, सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज, सेंट एलॉयसिस कॉलेज, लॉयन्स बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, लिटिल एंजेल्स स्कूल, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, स्प्रिंगडेल कॉलेज और उपाधि महाविद्यालय शामिल हैं।
इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र में पांच तथा सुनगढ़ी थाना क्षेत्र में छह परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर निगरानी और प्रवेश प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

