पीलीभीत के गांधी स्टेडियम में निर्माणाधीन हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान का सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम में विकसित की जा रही अन्य खेल सुविधाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश चौधरी, कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता उमेश दुबे, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्रु सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह से स्टेडियम में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुराने एथलेटिक्स ट्रैक को उत्तर-दक्षिण दिशा में बनाए जाने के निर्देश दिए।
योजना के अनुसार बीच में फुटबॉल मैदान बनाया जाएगा, उसके पास क्रिकेट मैदान विकसित किया जाएगा और पूरे खेल परिसर के चारों ओर वॉकिंग ट्रैक तैयार होगा। अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय सीमा में सभी सुविधाएं पूरी कर ली जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और आम लोगों को टहलने में भी सुविधा होगी।

