रिंटू वर्मा…
पीलीभीत जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत थाना बरखेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त की अवैध रूप से अर्जित अचल संपत्ति जब्त कराई है। जब्त की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत 48,19,966 रुपये बताई गई है।
डीजीपी के निर्देश पर जारी है सख्त अभियान
पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार जनपद पीलीभीत में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी बीसलपुर के नेतृत्व में यह प्रभावी कार्रवाई की गई।
अभियुक्त जाविर का मकान किया गया जब्त
थाना बरखेड़ा पुलिस ने ग्राम पौटा कलां निवासी जाविर पुत्र स्व. छोटेबख्श की अचल संपत्ति (मकान) को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ) के अंतर्गत जब्त कराया है। पुलिस जांच में सामने आया कि यह संपत्ति मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध धन से बनाई गई थी।
पहले भी चरस के साथ हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, पूर्व में अभियुक्त के कब्जे से मादक पदार्थ चरस बरामद हुई थी, जिसके आधार पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान अवैध संपत्ति के निर्माण का खुलासा हुआ।
वित्तीय और तकनीकी जांच के बाद हुई जब्ती
थाना बरखेड़ा पुलिस ने अभियुक्त की संपत्तियों का गहन वित्तीय एवं तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद जब्तीकरण के लिए रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी सफेमा (एनडीपीएस), नई दिल्ली को भेजी गई। साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के आधार पर सक्षम प्राधिकारी ने 16 अप्रैल 2026 को संपत्ति जब्त करने का आदेश जारी किया।
अपराधी का आपराधिक इतिहास
अभियुक्त जाविर के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं—
- मु0अ0सं0 135/2007 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट, थाना बरखेड़ा, पीलीभीत
- मु0अ0सं0 450/2025 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट, थाना बरखेड़ा, पीलीभीत

