रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। बिलसंडा में प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से ब्लॉक स्तरीय सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान एवं अलंकरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्लॉक संसाधन केंद्र बिलसंडा में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विवेक वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि नगर अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता रहे। दोनों अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह में पिछले चार वर्षों के 25 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इसके साथ ही 12 विद्यालयों को उत्कृष्ट विद्यालय पुरस्कार प्रदान किया गया। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं और राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कंपोजिट विद्यालय नौगावां संतोष की छात्रा प्रशा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण भी देखने को मिले, जब खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों ने न जाने कितने बच्चों को शिक्षित कर उन्हें जीवन में आगे बढ़ाया है। उनके इस योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, वह जीवन भर समाज को सही दिशा देने का कार्य करता है।
मुख्य अतिथि विवेक वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों ने अपने जीवन में समाज को प्रेरित करने का महान कार्य किया है और आगे भी वे अपनी प्रेरणा से समाज को मार्गदर्शन देते रहेंगे। उन्होंने सभी शिक्षकों के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार मौर्य, पूर्व मंडल अध्यक्ष विक्रम गंगवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी सोमपाल राठौर ने किया।
कार्यक्रम में उमेश चंद्र मिश्रा, गजेंद्र प्रताप सिंह, उमेश गंगवार, गोपेश कुमार शर्मा, मनोज शर्मा, सूरज पाल सिंह, जितेंद्र गंगवार, शैलेन्द्र कुमार, मुन्ना, शिव प्रकाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

