रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। शिक्षा के प्रति अभिभावकों और ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से बिलसंडा विकासखंड में ब्लॉक स्तरीय एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन कस्बे के एक बैंक्वेट हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विवेक वर्मा एवं डायट प्राचार्य दरवेश कुमार ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
जिम्मेदारियों से कराया अवगत
कार्यशाला में प्रधानाध्यापकों, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय निकाय सदस्यों को शिक्षा के प्रति उनके दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विकासखंड बिलसंडा के परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
बच्चों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं की जानकारी एआरपी द्वारा दी गई।
निपुण बच्चों और शिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान परिषदीय विद्यालयों के 20 निपुण छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षकों ने टीएलएम (शिक्षण सामग्री) के माध्यम से अपनी शिक्षण प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक ने नामांकन बढ़ाने पर दिया जोर
मुख्य अतिथि विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि देश के विकास में शिक्षकों और ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यालयों के कायाकल्प, ‘स्कूल चलो अभियान’ तथा अधिक से अधिक नामांकन कराने पर जोर दिया। साथ ही दियोरिया कला में बनने वाले मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय की जानकारी भी दी।
डायट प्राचार्य ने दिए निर्देश
डायट प्राचार्य दरवेश कुमार ने कहा कि विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, जिससे जनपद प्रदेश में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके। उन्होंने ग्राम प्रधानों को गांव एवं विद्यालय का प्रमुख बताते हुए नामांकन बढ़ाने में उनकी भूमिका को अहम बताया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने जताया आभार
खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक, एसएमसी अध्यक्ष और ग्राम प्रधान शिक्षा व्यवस्था के मजबूत स्तंभ हैं। उन्होंने 1 अप्रैल से शुरू होने वाले ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैलियां निकालने और अधिक नामांकन कराने की अपील की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में एआरपी मुन्ना, शिव प्रकाश मिश्रा, नीरज त्रिपाठी, शैलेन्द्र गंगवार, सोमपाल राठौर, गोपेश शर्मा, हिमांशु दीक्षित, संजय सिंह, मनोज शर्मा, धीरज शर्मा, सूरज पाल सिंह, रतन लाल, ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र प्रताप, उमेश चंद्र मिश्रा सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एआरपी सोमपाल राठौर ने किया।

