पीलीभीत में मासूम से दरिंदगी के आरोपी के घर चला बुलडोजर, प्रशासनिक अमला रहा मौजूद

Share Also

पीलीभीत। नौ वर्षीय बालिका से दुष्कर्म के मामले में आरोपी बनाए गए मोहम्मद उमर के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके मकान पर बुलडोजर चलवा दिया। अमरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम उगनपुर में बुधवार को प्रशासनिक टीम ने आरोपी के घर को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बताया जाता है कि हाल ही में सामने आए दुष्कर्म के मामले के बाद प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने प्रेस वार्ता में कहा था कि मासूम बच्ची के साथ हुई घटना के आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रशासन ने आरोपी के मकान पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई।
कार्रवाई के दौरान उपजिलाधिकारी अमरिया मयंक गोस्वामी, तहसीलदार अमरिया विदेह सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर दीपक चतुर्वेदी, थाना प्रभारी सुनगढ़ी, चौकी प्रभारी भिखारीपुर, हल्का लेखपाल सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पूरे अभियान की निगरानी करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कीं।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा रही। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर अपराधों के प्रति प्रशासन के सख्त रुख के रूप में देखा। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया।
गौरतलब है कि यह कार्रवाई आरोपी के विरुद्ध दर्ज मामले के बाद की गई है। मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायालय के निर्णय के आधार पर होगा।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *