रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। उपाधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय की बी.कॉम वार्षिक परीक्षा की व्यक्तिगत छात्रा आस्था सक्सेना ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर संस्थान का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया। आस्था को आगामी 4 अगस्त को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान समारोह में महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव मुरली मनोहर अग्रवाल, प्राचार्य प्रो. दुष्यन्त कुमार, पूर्व प्राचार्य एवं पूर्व वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. विनय कुमार गर्ग तथा प्रो. सत्येन्द्र नारायण ने आस्था सक्सेना को स्मृति-चिह्न भेंट कर शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि आस्था की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि लगन, अनुशासन एवं निरंतर परिश्रम से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आस्था सक्सेना ने अपनी सफलता का श्रेय वाणिज्य विभाग के प्रभारी डॉ. अमित कुमार के मार्गदर्शन तथा अपनी माता रीना देवी के त्याग, प्रोत्साहन और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।
महाविद्यालय परिवार ने आस्था सक्सेना की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वह आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करती रहेंगी।

