रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जनपद के ग्राम नवदिया दहला के बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल वैन शनिवार को खुजरहा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वैन में सवार कई बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया।
हादसे के बाद गौरव नामक युवक ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल कर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी नमरूल हसन और पायलट सुरेंद्र कुमार ने बिना समय गंवाए घायल बच्चों को एंबुलेंस में शिफ्ट किया।
प्राथमिक उपचार के दौरान कॉल सेंटर पर मौजूद डॉक्टर अरविंद कुमार के मार्गदर्शन में बच्चों के वाइटल्स की जांच की गई। डॉक्टर की सलाह के अनुसार घायलों को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसमें घावों पर बैंडेज, आवश्यक इंजेक्शन तथा दर्द से राहत के लिए पेनकिलर स्प्रे का उपयोग किया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत अब सामान्य और खतरे से बाहर है।घटना के बाद बच्चों के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा की त्वरित कार्रवाई और कर्मचारियों की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए ईएमटी नमरूल हसन, पायलट सुरेंद्र कुमार तथा 108 एंबुलेंस सेवा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर मिली चिकित्सा सहायता से बच्चों को शीघ्र उपचार मिल सका और बड़ी अनहोनी टल गई।

