रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। मरौरी ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल सिरसा सरदाह में स्कूल चलो अभियान के तहत जन-जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रैली में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर “पढ़ लो भैया, पढ़ लो बहना, अनपढ़ बनकर कोई ना रहना” जैसे नारे लगाए।
रैली के पश्चात विद्यालय परिसर में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने भी सहभागिता की, जिससे पूरे क्षेत्र में शिक्षा का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनाना भी बेहद आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान वेलावती एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने की। उन्होंने अभिभावकों और ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा छात्रों के लिए निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, मिड-डे मील, फल और दूध जैसी कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इसके साथ ही बीएसए, बीईओ, ग्राम प्रधान एवं अन्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इससे पूर्व अतिथियों द्वारा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अमित कुमार वर्मा और कपिल गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक शोभना रानी, अरविंद कुमार, अर्चना शुक्ला, धर्मपाल, पूरनलाल सहित विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

