रिंटू वर्मा..
पीलीभीत।जनपद की ललित हरि चीनी मिल में पेराई सत्र 2025-26 के दौरान गन्ने की कमी गहराती जा रही है। मांग के अनुरूप गन्ना उपलब्ध न होने के कारण मिल प्रबंधन को बार-बार मिल बंद करनी पड़ रही है। इस स्थिति को देखते हुए मिल प्रशासन ने सत्र समापन के लिए दूसरी सूचना जारी कर दी है।
मिल प्रबंधन के अनुसार पूर्व में 24 मार्च को पहली सूचना जारी कर 31 मार्च तक गन्ना आपूर्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया था, लेकिन इसके बावजूद किसानों द्वारा अपेक्षित मात्रा में गन्ना नहीं भेजा जा रहा है। इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि मिल क्षेत्र में अवशेष गन्ना काफी कम बचा है।
गन्ने की कमी के चलते मिल को धीमी गति से चलाना पड़ रहा है। कई बार “नो-केन” की स्थिति में मिल को बंद करना पड़ रहा है और उपलब्ध गन्ने की पेराई भी निर्धारित क्षमता से काफी कम हो रही है।
मिल प्रशासन की ओर से किसानों के बीच लगातार प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि बचे हुए गन्ने की आपूर्ति जल्द से जल्द मिल तक पहुंच सके।
प्रबंधन ने सहकारी गन्ना विकास समिति के माध्यम से किसानों से अपील की है कि वे मिल गेट और बाहरी क्रय केंद्रों पर उपलब्ध अवशेष गन्ने की आपूर्ति हर हाल में 1 अप्रैल 2026 तक सुनिश्चित करें, जिससे पेराई सत्र का समापन समय पर किया जा सके।

