रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित होने के बाद मंगलवार सुबह जब मरौरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय पिपरिया अगरू की प्रधानाध्यापक सैयदा स्कूल पहुंचीं तो पूरा विद्यालय खुशी से झूम उठा। शिक्षकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, अभिभावकों और रसोइयों ने फूल-मालाओं, बुके और मिठाई खिलाकर उनका जोरदार स्वागत किया। लगातार बारिश के बावजूद विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रोज की तरह रही। सैयदा के स्कूल पहुंचते ही शिक्षकों और बच्चों में उत्साह का माहौल नजर आया।
विद्यालय प्रबंध समिति के महिला-पुरुष सदस्यों के साथ बीडीसी सदस्य और अभिभावकों ने प्रधानाध्यापक को बुके भेंट कर सम्मानित किया। जगरानी, महेश कुमारी, बेला देवी और मुन्नी देवी समेत अन्य अभिभावकों ने सैयदा को माला पहनाकर मिठाई खिलाई। शिक्षक अभिषेक सक्सेना, आकाश भारती, सत्यदेव शाक्य, प्रतिभा और सरिता समेत शिक्षण स्टाफ ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। स्कूल की रसोइयों ने खुशी जाहिर करते हुए सैयदा को गले लगा लिया।
बच्चों और स्टाफ को खिलाई मिठाई
राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने की खुशी में प्रधानाध्यापक सैयदा ने भी विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाई। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय परिवार की मेहनत और सहयोग का परिणाम है। उन्होंने अपने शिक्षण स्टाफ, बच्चों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों का आभार जताया।
टीएलएम के प्रेजेंटेशन ने चयन समिति को किया प्रभावित
जिले से राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए कई शिक्षक दावेदार थे। चयन प्रक्रिया के तहत लखनऊ में हुए साक्षात्कार में सैयदा ने अपनी शिक्षण पद्धति और विद्यालय में किए गए नवाचारों का प्रभावी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। उन्होंने स्वयं तैयार की गई शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने की अपनी कार्यशैली और नवाचारों को चयन समिति के सामने रखा। उनके प्रेजेंटेशन और शिक्षण पद्धति ने चयन समिति को खासा प्रभावित किया। सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए प्रयासों ने उन्हें अन्य दावेदारों से अलग पहचान दिलाई।
सूची जारी होते ही शिक्षकों में दौड़ी खुशी की लहर
सोमवार को शासन की ओर से राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों की सूची जारी की गई। इसमें पीलीभीत से प्रधानाध्यापक सैयदा का नाम शामिल होते ही जिले के शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर सूची सामने आते ही साथी शिक्षकों, परिचितों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। मंगलवार को स्कूल में हुए स्वागत समारोह ने इस खुशी को और यादगार बना दिया।
पुरस्कार की 25 हजार की राशि से स्कूल में लगेगा टीन शेड
राज्य शिक्षक पुरस्कार मिलने के बाद भी सैयदा ने अपनी प्राथमिकता बच्चों की सुविधाओं को ही बताया। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से मिलने वाली 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि में अपनी वेतन की कुछ धनराशि मिलाकर विद्यालय में टीन शेड डलवाएंगी। इससे बच्चों को मध्याह्न भोजन करने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा और धूप व बारिश से भी राहत मिलेगी।
सैयदा ने कहा कि उन्होंने हमेशा सीमित संसाधनों में विद्यालय को बेहतर बनाने की कोशिश की है। मेहनत, ईमानदारी और शिक्षा के प्रति समर्पण को ही उन्होंने अपनी सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार उनके लिए नई जिम्मेदारी और बच्चों के लिए और बेहतर काम करने की प्रेरणा है।


