घुंघचाई। घर में घुसकर घरेलू सामान चोरी कर ले जा रहे आरोपी को परिवार के लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के पास से पीतल और स्टील के बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी को परिजन घुंघचाई थाने ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी बबलू के मुताबिक, बीती रात गांव का ही उत्तम कथित तौर पर उनके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने घर में रखे पीतल का एक लोटा, एक बड़ी प्लेट, एक चम्मच, दो बाल्टी और स्टील का एक छोटा भगौना चोरी कर लिया। सामान को प्लास्टिक की बोरी में भरकर वह घर से निकलने लगा।
इसी दौरान आहट होने पर बबलू और परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। घर के गेट पर ही परिजनों ने चोरी का सामान लेकर जा रहे आरोपी को पकड़ लिया। इससे मौके पर खलबली मच गई। इसके बाद परिजन आरोपी उत्तम पुत्र पुत्तूलाल को चोरी के सामान समेत घुंघचाई थाने ले पहुंचे और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बरामद सामान कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पीड़ित बबलू की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी को चोरी के सामान समेत पकड़ा गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

