घुंघचाई पीलीभीत । उत्तरप्रदेश के पीलीभीत जनपद के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के सबलपुर खास गांव निवासी एक पेट्रोल पंप संचालक की मशीनों को उसके सगे भाई ने कथित तौर पर हथौड़े से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सबलपुर खास निवासी डालचंद घुंघचाई में हाईवे स्थित उमाशंकर फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पंप संचालित करते हैं। आरोप है कि 17 अक्टूबर को डालचंद पेट्रोल पंप पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके सगे भाई और घुंघचाई निवासी खुशपाल ने कथित रूप से अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल कर रखा था। डालचंद ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि खुशपाल ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गया और हथौड़े से पेट्रोल पंप की चार मशीनें तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दीं।
मशीनें क्षतिग्रस्त होने से पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया। आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह विवाद शांत कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी ली। पीड़ित डालचंद ने घुंघचाई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
डालचंद के मुताबिक, चार मशीनें क्षतिग्रस्त होने से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। मशीनें खराब होने के कारण पेट्रोल-डीजल लेने पहुंचे कई ग्राहक बिना ईंधन लिए ही वापस लौट गए। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी विधि भूषण मौर्य ने बताया कि घुंघचाई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

